दिल्ली में अब यमुना की लहरों पर दौड़ेगा क्रूज, जानिए कितना होगा किराया
रेखा गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को सोनिया विहार में 'नमो यमुना रिवर सफारी' का शुभारंभ किया। केंद्रीय परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल की मौजूदगी में शुरू हुई इस परियोजना के साथ अब दिल्लीवासी भी यमुना की लहरों पर क्रूज की सवारी का आनंद ले सकेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा, मंत्री कपिल वर्मा और कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस परियोजना के तहत सोनिया विहार से जगतपुर स्थित शनि मंदिर तक क्रूज का संचालन किया जाएगा। लगभग 5 से 6 किलोमीटर के एक तरफ के सफर में करीब 35 से 45 मिनट लगने का अनुमान है। क्रूज में एक बार में लगभग 30 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। इसके लिए 500 रुपये प्रति व्यक्ति किराया निर्धारित किया गया है जबकि परिसर में प्रवेश के लिए 50 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि नमो यमुना रिवर सफारी की शुरुआत केवल क्रूज या नाव की सवारी नहीं है, बल्कि मां यमुना के प्रति दिल्लीवासियों की आस्था, प्रेम और श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को अब अपने ही शहर में नदी पर्यटन का नया अनुभव मिलेगा। इसके लिए उन्हें दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास यमुना को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करना है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार और बच्चों के साथ यहां आएं और इस नई सुविधा का आनंद लें। इस परियोजना में इलेक्ट्रिक क्रूज का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे नदी पर्यटन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने का प्रयास किया गया है।
परियोजना को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आई डब्ल्यूएआई) द्वारा केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के सहयोग से विकसित किया गया है। इसमें दिल्ली विकास प्राधिकरण, दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम, दिल्ली जल बोर्ड और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की भी भागीदारी है। उल्लेखनीय है कि यमुना को राष्ट्रीय जलमार्ग-110 के रूप में घोषित किया गया है। इसी के तहत नदी आधारित पर्यटन और जल परिवहन की संभावनाओं को विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। सरकार को उम्मीद है कि इस परियोजना से दिल्ली में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय दुकानदारों, फूड स्टॉल संचालकों, परिवहन सेवाओं और अन्य छोटे कारोबारियों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं। स्कूली बच्चों, परिवारों और बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए यह एक नया आकर्षण बन सकता है। हालांकि, क्रूज सेवा शुरू होने के साथ यमुना की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का मुद्दा भी महत्वपूर्ण हो गया है। दिल्ली में यमुना लंबे समय से सीवेज, औद्योगिक अपशिष्ट और नालों के गंदे पानी की समस्या से जूझ रही है। गर्मियों में नदी का जलस्तर कम होना भी क्रूज संचालन के लिए चुनौती बन सकता है। पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि नदी में पर्यटन गतिविधियां बढ़ाने के साथ पानी की गुणवत्ता, पर्याप्त जल प्रवाह और जलीय जीवों के संरक्षण पर भी ध्यान देना जरूरी है।

Comment List