भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री राज के पुरोहित का निधन, राजनीतिक हलकों में शोक की लहर
राजनीतिक जगत में शोक
वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री राज के पुरोहित का 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे पांच बार विधायक रहे थे।
मुंबई। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री राज के पुरोहित का शनिवार रात बॉम्बे हॉस्पिटल में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार रविवार को चंदनवाड़ी सोनापुर में अपराह्न एक बजे किया जाएगा। पुरोहित के निधन की जानकारी मिलते ही मुंबई के हिंदी जगत, राजस्थानी समाज और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर फैल गयी। अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को उनके निवास स्थान जी रोड, मरीन ड्राइव में रखा गया है।
राज के पुरोहित पिछले काफी समय से बीमार चल रहे और निजी अस्पताल में भर्ती थे। वहीं उन्होंने अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री देवेंद्र फणडवीस समेत सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्री पुरोहित के निधन पर शोक प्रकट किया है।
पुरोहित मुंबई की राजनीति के एक मजबूत स्तंभ थे और मुंबादेवी विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक चुने गए थे। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार में कामगार एवं संसदीय कार्य मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी। वे राजस्थान से जुड़ी करीब 30 संस्थाओं से जुड़े हुए थे।
पुरोहित के पुत्र आकाश पुरोहित ने हाल ही में सम्पन्न हुए वृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनाव 2026 में वार्ड संख्या 221 से भाजपा के टिकट पर भारी मतों से जीत हासिल की है। श्री आकाश पहले भी इसी वार्ड से चुनाव जीत चुके हैं, और अब उन्होंने पिता की राजनीतिक धरोहर को संभाला है।

Comment List