रक्षा मंत्री ने किया स्पष्ट : देश में किसी भी पेट्रोलियम उत्पाद की कोई कमी नहीं, घबराहट में खरीददारी से बचें लोग
ईंधन एवं अन्य वस्तुओं की अत्यधिक खरीद करने की आवश्यकता नहीं
ऊर्जा बचत की पीएम मोदी की अपील पर सियासी घमासान के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साफ किया कि देश में पेट्रोल, डीजल समेत किसी भी जरूरी वस्तु की कमी नहीं है। पश्चिम एशिया संकट पर हुई बैठक के बाद उन्होंने लोगों से घबराकर खरीदारी न करने की अपील की और भरोसा दिलाया कि सरकार आपूर्ति बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ऊर्जा संरक्षण की अपील को लेकर विपक्षी दलों की आलोचना के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि देश में किसी भी पेट्रोलियम उत्पाद की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराहट में खरीददारी से बचना चाहिए। सिंह ने सोमवार को यहां पश्चिम एशिया संकट के बारे में गठित मंत्रियों के अनौपचारिक समूह की पांचवीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के बाद सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में सभी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने लोगों से शांत रहने और किसी भी प्रकार की घबराहट से बचने का आग्रह किया, क्योंकि कमी या आपूर्ति शृंखला में व्यवधान रोकने के लिए सभी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
मंत्रियों के समूह को बताया गया कि देश में आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता है और वर्तमान संरक्षण उपाय केवल दीर्घकालिक क्षमता निर्माण के उद्देश्य से किए जा रहे हैं जिससे संकट के लंबा खिंचने की स्थिति से निपटा जा सके। यह भी कहा गया कि आपूर्ति प्रबंधन संतोषजनक है और लोगों को घबराने या ईंधन एवं अन्य वस्तुओं की अत्यधिक खरीद करने की आवश्यकता नहीं है।

Comment List