रूपए में जारी गिरावट से घरेलू शेयर बाजार में हाहाकार : सेंसेक्स 985 अंक टूटा, इन कंपनियों में दिखेगा एक्शन
आईटी को छोड़कर टाटा स्टील और एसबीआई के शेयरों में भारी गिरावट
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में 2% की तेजी और डॉलर के मुकाबले रुपये की रिकॉर्ड गिरावट से सोमवार को घरेलू शेयर बाजार औंधे मुंह गिर गया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 927 अंक टूटकर 74,310 पर और निफ्टी 288 अंक नीचे आ गया। आईटी को छोड़कर टाटा स्टील और एसबीआई सहित लगभग सभी सेक्टर्स के शेयर लाल निशान पर आ गए।
मुंबई। डॉलर की तुलना में रुपये में जारी गिरावट और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल में उछाल से घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट रही। बीएसई का सेंसेक्स 430.02 अंक टूटकर 74,807.97 अंक पर खुला और 985 अंक की गिरावट में 74,252.78 अंक तक उतर गया। खबर लिखे जाते समय यह 927.99 अंक (1.23 प्रतिशत) नीचे 74,310 अंक पर था। अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया फिलहाल 39 पैसे की गिरावट में 96.20 रुपये प्रति डॉलर पर है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 95.81 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था जो अब तक का ऐतिहासिक निचला बंद स्तर है। रुपये की गिरावट से शेयर बाजारों पर दबाव रहा। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में आज दो प्रतिशत से ज्यादा तेजी है। इससे भी घरेलू बाजारों में निवेश धारणा कमजोर बनी हुई है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 161.30 अंक नीचे 23,482.20 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 288.95 अंक यानी 1.22 प्रतिशत नीचे था।वृहत बाजार में बिकवाली हावी है। आईटी को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों में गिरावट रही। रियलटी, मीडिया, ऑटो, एफएमसीजी, तेल एवं गैस, रसायन, बैंकिंग और धातु सेक्टरों से सूचकांक लाल निशान में रहे। सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील का शेयर चार प्रतिशत से ज्यादा लुढ़क गया। पावर ग्रिड में पौने चार प्रतिशत की गिरावट रही। अडानी पोर्ट्स, भारतीय स्टेट बैंक, ट्रेंट और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर दो प्रतिशत से ज्यादा नीचे चल रहे हैं। इंफोसिस, भारती एयरटेल और टेक महिंद्रा के शेयर ऊपर रहे।

Comment List