कश्मीर में सुरक्षाबलों की आतंकवादियों से मुठभेड़ : लश्कर का एक आतंकवादी ढेर, संदिग्ध गतिविधि देखने पर चलाई गोलियां
यूसमर्ग में एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया
जम्मू। कश्मीर में बडगाम जिले के यूसमर्ग के ऊपरी इलाकों में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के एक संदिग्ध आतंकवादी को मार गिराया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ मंगलवार देर रात तब शुरू हुयी जब सुरक्षा बलों ने खास खुफिया जानकारी के आधार पर यूसमर्ग के कोराग इलाके में एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। सेना ने कहा कि भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने यूसमर्ग के कोराग इलाके में एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया।
सेना की श्रीनगर में चिनार कोर ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, चौकस सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और चुनौती दिये जाने पर आतंकवादियों ने उन पर गोलियां चला दीं, जिसके बाद दोनों तरफ से जमकर गोलीबारी हुई, जिसमें एक आतंकवादी मारा गया। अभियान जारी है। हालांकि सेना और पुलिस ने अभी तक मारे गए आतंकवादी की पहचान नहीं बताई है, लेकिन सुरक्षा सूत्रों को शक है कि वह एलईटी से जुड़ा एक पाकिस्तानी आतंकवादी था।
इस महीने बडगाम के जंगलों में यह दूसरी मुठभेड़ है। गत चार सितंबर को एलईटी से जुड़ा और पाकिस्तानी नागरिक यासिर कथित तौर पर कई सालों से जम्मू-कश्मीर में सक्रिय था, बडगाम के ऊंचाई वाले अशदर गली इलाके में एक मुठभेड़ में मारा गया था। सुरक्षा बलों को शक था कि उस मुठभेड़ के दौरान एक और आतंकवादी भागने में कामयाब रहा। इसके बाद सुरक्षा बलों ने संदिग्ध आतंकवादी का पता लगाने के लिए बडगाम के पहाड़ी और जंगली इलाकों में तलाशी तेज कर दी।

Comment List