टेलीग्राम ब्लॉक करने से नहीं छिपेंगी नाकामियां : असली पेपर लीक माफिया पर कार्रवाई करे सरकार, खड़गे ने मांगा शिक्षा मंत्री का इस्तीफा
देश के करीब 9 करोड़ युवाओं को प्रभावित
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नीट परीक्षा के री-एग्जाम के लिए टेलीग्राम को अस्थायी रूप से ब्लॉक किए जाने के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सरकार को सबसे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेना चाहिए, क्योंकि करोड़ों युवाओं का भविष्य उनकी नीतियों के कारण प्रभावित हो रहा है। खड़गे ने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में लगभग 90 पेपर लीक की घटनाओं ने देश के करीब 9 करोड़ युवाओं को प्रभावित किया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना का इस्तेमाल करना, टेलीग्राम को ब्लॉक करना या छोटे आरोपियों पर कार्रवाई कर असली पेपर लीक माफिया को बचाने की कोशिश करना, सरकार की नाकामियों को छिपाने का प्रयास है। उन्होंने दावा किया कि भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं के कारण कई युवा मानसिक दबाव में आए हैं और कुछ ने आत्महत्या जैसा कदम भी उठाया है। उन्होंने कहा कि लाखों परिवार अपने बच्चों की तैयारी के लिए कर्ज तक लेते हैं, लेकिन नीट, एसएससी, यूजीसी नेट जैसी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं।
खड़गे ने सीबीएसई परीक्षा परिणामों में कथित अनियमितताओं और यूपीएससी परीक्षा को लेकर उठ रहे सवालों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि अब देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं की विश्वसनीयता भी संदेह के घेरे में आ गई है। उन्होंने कहा कि देश का युवा केवल एक मांग कर रहा है, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की जवाबदेही तय की जाए और उनका इस्तीफा लिया जाए।

Comment List