फुटबॉलर डिओगो जोटा की कार दुर्घटना में मौत, 10 दिन पहले ही हुई थी शादी
आखिरी पोस्ट में डाली शादी की तस्वीरें
लिवरपूल से खेलने वाले पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर डिओगो जोटा की कार दुर्घटना में मौत हो गई।
नई दिल्ली। लिवरपूल से खेलने वाले पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर डिओगो जोटा की कार दुर्घटना में मौत हो गई। वह महज 28 वर्ष के थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्पेन में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हुई। हादसे में उनके भाई आंद्रे की भी जान चली गई। आंद्रे भी फुटबॉलर हैं। यह दुखद घटना जोटा की शादी के 10 दिन बाद हुई है। उन्होंने 10 दिन पहले लंबे समय से गर्लफ्रेंड रहीं रुटे काडोर्सो के साथ पोर्टो में शादी की थी।
पुर्तगाल फुटबॉल संघ ने जताया शोक :
पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ ने जोटा और उनके भाई आंद्रे की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए एक बयान जारी किया। बयान में कहा गया कि पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ और पूरा पुर्तगाली फुटबॉल डिओगो जोटा और उनके भाई आंद्रे सिल्वा की मृत्यु से स्तब्ध है। उन्होंने कहा, हमने दो चैंपियन खो दिए हैं। डिओगो और आंद्रे सिल्वा का निधन पुर्तगाली फुटबॉल के लिए अपूरणीय क्षति है और हम उनकी विरासत का सम्मान करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
लिवरपूल के लिए 123 मैचों में दागे 74 गोल :
जोटा क्लब करियर में कई अलग-अलग टीमों का हिस्सा रहे। उन्होंने लिवरपूल के लिए 123 मैचों में 47 गोल दागे। उन्होंने लिवरपूल के साथ चार खिताब जीते थे। वह 2020 से इस टीम का हिस्सा थे। इसके अलावा वह पुर्तगाल के लिए 49 मैचों में 14 गोल दाग चुके। पुर्तगाल की सीनियर टीम के लिए उन्होंने साल 2019 में डेब्यू किया था। वह 2022 फीफा विश्व कप, 2020 और 2024 यूरो कप में टीम का हिस्सा रहे थे। साथ ही 2025 से पहले वह पुर्तगाल के साथ 2019 में नेशंस लीग का खिताब भी जीत चुके हैं।
आखिरी पोस्ट में डाली शादी की तस्वीरें :
जोटा ने अपने आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट में शादी की तस्वीरें डाली थीं। उन्होंने रुटे काडोर्सो के साथ तस्वीरें डालीं थीं और कैप्शन में लिखा था- 22 जून 2025, हमेशा के लिए हां।' उन्होंने शादी का वीडियो भी डाला और लिखा- मैं इस दिन को कभी नहीं भूल सकता।
नेशंस लीग कप विजेता टीम का हिस्सा थे जोटा :
जोटा हाल ही में नेशंस लीग कप जीतने वाली पुर्तगाली टीम का हिस्सा रहे थे। पुर्तगाल की टीम ने फाइनल में स्पेन को हराकर खिताब जीता था। वह लिवरपूल फुटबॉल क्लब के साथ भी कई खिताब जीत चुके हैं। जोटा फुटबॉल के मैदान पर अपनी ड्रिब्लिंग स्किल्स, शानदार फिनिशिंग, तेज गति से डिफेंडर्स को छकाने के लिए जाने जाते थे।

Comment List