यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन का फॉर्मूला तय, खरगे के घर बड़ी बैठक
देश की राजनीति को नई दिशा देंगे यूपी के चुनाव
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों और चुनावी रणनीति के साथ ही समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन के फार्मूले तथा सीटों के बंटवारे सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की सोमवार को यहां पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर इस बैठक की जानकारी देते हुए बताया आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गहन चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश के आने वाले चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे। प्रदेश की जनता परिवर्तन की ओर देख रही है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प प्रस्तुत करेगी। बैठक में खरगे के अलावा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पार्टी महासचिव के. सी. वेणुगोपाल, प्रियंका गांधी वाड्रा, उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने, सीटों पर पार्टी की दावेदारी और चुनावी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में समाजवादी पार्टी के साथ प्रस्तावित गठबंधन और सीटों के बंटवारे के फार्मूले पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ है। दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर सहमति बनाने की कोशिश जारी है और इस बारे में जल्दी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता की ओर से अनौपचारिक जानकारी मीडिया को दी जा सकती है।

Comment List