तैयार हो जाएं शुरू हो गई भयंकर गर्मी : मार्च में ही गर्मी का टूटा रिकॉर्ड, यूपी-बिहार वालों का भी बुरा हाल

आखिरी बार इतना तापमान 2022 में दर्ज हुआ था

तैयार हो जाएं शुरू हो गई भयंकर गर्मी : मार्च में ही गर्मी का टूटा रिकॉर्ड, यूपी-बिहार वालों का भी बुरा हाल

आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को दिल्ली के रिज क्षेत्र में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 6.3 डिग्री ज्यादा था।

नई दिल्ली।  भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इस बढ़ती गर्मी को देखते हुए उत्तर भारत में भी हीटवेव की चेतावनी जारी की है। आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में हीटवेव की स्थिति सामान्य से करीबन दोगुनी हो सकती है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। 

दिल्ली में देखी गई रिकॉर्ड तोड़ गर्मी 
आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को दिल्ली के रिज क्षेत्र में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 6.3 डिग्री ज्यादा था। इस साल का ये सबसे अधिक तापमान है, जिसने मंगलवार को दर्ज हुए 37.1 डिग्री सेल्सियस के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में मार्च में आखिरी बार इतना तापमान 2022 में दर्ज हुआ था, जब 29 मार्च को पारा 39.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

भारत में हीटवेव के दिनों की संख्या 
आईएमडी ने अपने ताजा अनुमान में कहा कि मार्च से मई 2025 के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में हीटवेव के दिनों की संख्या दोगुनी हो सकती है। आमतौर पर इन जगहों पर 5 से 6 दिन हीटवेव के देखे जाते हैं, लेकिन इस साल ये संख्या 10 से 12 तक जा सकती है। हालांकि ये सभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि ये साल 2024 से अधिक गर्म रहने वाला है, जो भारत का अब तक का सबसे गर्म साल था। पिछले साल देश में 554 हीटवेव दिन दर्ज हुए थे।

देशभर में बढ़ता तापमान 
दिल्ली के अलावा, देश के कुछ अन्य हिस्सों में भी तापमान बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। महाराष्ट्र के अकोला में 42 डिग्री सेल्सियस, मध्य प्रदेश के होशंगाबाद में 40.9 डिग्री सेल्सियस देखा गया था, वहीं राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में 40.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ था। आईएमडी ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों खासकर पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गर्म हवाएं चल सकती हैं, जिससे लू का खतरा सबसे ज्यादा देखा जाएगा। आईएमडी के मुताबिक, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में जिसमें यूपी शामिल है, अगले कुछ दिनों तक गर्मी का प्रकोप देखने को मिल सकता है। दिन में यहां कई शहरों में 38-42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। हालांकि पूर्वी यूपी में बारिश या गरज की संभावना है। अगर आप रह रहे हैं या कहीं किसी काम से जा रहे हैं, तो अपने साथ छाता लेकर जाएं, पानी की बोतल भी साथ में रखें, कुछ चबाने के लिए भी अपने बैग में कुछ न कुछ रखें। साथ ही बीच बीच में जूस का सेवन करते रहें। ध्यान रहे, ज्यादा जरूरत है तभी घर से निकलें।

Read More गहलोत सरकार का बदला एक और फैसला : जयपुर, जोधपुर और कोटा में अब एक-एक ही नगर निगम

 

Read More रेखा गुप्ता का कैग की रिपोर्ट को लेकर आप पर हमला : झुग्गी बस्तियों में महिलाएं खुले में शौच को मजबूर, कहा- बच्चों के लिए नहीं है पार्क 

Tags: heat

Post Comment

Comment List