हरियाणा में शहरी परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सरकार का बड़ा कदम : 10 शहरों में दौड़ेंगी नई इलेक्ट्रिक बसें, प्रदूषण में कमी के साथ ईंधन की लागत में होगी बचत
लोगों को काफी राहत मिलने की संभावना
शहरी परिवहन को मजबूती देने के लिए सरकार बड़ा कदम उठा रही है। मई अंत तक 10 शहरों में 90 नई इलेक्ट्रिक बसें शुरू होंगी, जिससे कुल संख्या 155 हो जाएगी। यह पहल यात्रियों को बेहतर सुविधा, समयबद्ध सेवा और प्रदूषण में कमी देगी। बसों को संचालन से पहले सुरक्षा व गुणवत्ता जांच से गुजरना होगा।
चंडीगढ़। हरियाणा में शहरी परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मई माह के अंत तक प्रदेश के 10 शहरों में 90 नयी इलेक्ट्रिक सिटी बसें शुरू की जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य शहरों में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। वर्तमान में प्रदेश में 65 सिटी बसों का संचालन हो रहा है। नयी बसों के शामिल होने के बाद जून के पहले सप्ताह तक यह संख्या बढ़कर 155 तक पहुंचने की उम्मीद है। इससे यात्रियों को अधिक मार्गों पर सुविधाजनक और समयबद्ध यात्रा का विकल्प मिलेगा। खासकर रोजाना सफर करने वाले लोगों को इससे काफी राहत मिलने की संभावना है।
सरकार का मानना है कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि ईंधन की लागत में भी बचत होगी। साथ ही, शहरी क्षेत्रों में ट्रैफिक प्रबंधन को भी बेहतर किया जा सकेगा। नयी बसों को सेवा में शामिल करने से पहले एक विभागीय कमेटी द्वारा उनका विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान तकनीकी गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और अन्य जरूरी पहलुओं की जांच सुनिश्चित की जाएगी। सभी मानकों पर खरा उतरने के बाद ही इन बसों को विभिन्न शहरों के मार्गों पर उतारा जाएगा। इसके अलावा, संबंधित जिलों में बस निर्माण कंपनियों द्वारा अतिरिक्त बसें भी भेजी जाएंगी, ताकि भविष्य में बढ़ती मांग के अनुसार सेवा का विस्तार किया जा सके।

Comment List