हिमंत बिस्वा सरमा बनेंगे असम के मुख्यमंत्री : राजग विधायक दल के चुने गए नेता, दूसरी बार संभालेंगे राज्य की कमान
भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक हुई
गुवाहाटी। असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने रविवार को हिमंत बिस्वा सरमा को सर्वसम्मति से अपना नेता चुन लिया है। इस फैसले के साथ ही उनके लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया। आज सुबह असम भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक हुई।
गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुए 126 सदस्यीय विधानसभा चुनावों में भाजपा नीत राजग ने प्रचंड जीत हासिल की है। भाजपा ने अकेले 82 सीटें जीती हैं, जबकि उनके गठबंधन सहयोगियों असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने 10-10 सीटों पर जीत दर्ज की है। इस दो तिहाई बहुमत के साथ राजग ने राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की है। सरमा और राजग के अन्य नेताओं का आज शाम लोक भवन में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात कर सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश करने का कार्यक्रम है।
असम में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग की यह लगातार तीसरी सरकार होगी। राजग ने यहां 2016 और 2021 के बाद अब 2026 में जीत की हैट्रिक लगाई है। सरमा के लिए मुख्यमंत्री के रूप में यह दूसरा कार्यकाल होगा। उल्लेखनीय है कि 2016 में राजग की पहली सरकार सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में बनी थी, जिसके बाद 2021 में सरमा ने पहली बार मुख्यमंत्री पद की कमान संभाली और अब इस नयी जीत के साथ वे अपनी दूसरी पारी शुरू करने जा रहे हैं।

Comment List