अमेरिका में हिंदू मंदिर पर हमला : लोगों ने मंदिर पर फेंकी ईटें, खिड़कियां टूटी
अधिकारी कर रहे मामले की जांच
वाशिंगटन। अमेरिका के ओहायो में एक हिदू मंदिर पर हमला किया गया। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (एचएएफ) ने बताया कि एक या अधिक लोगों ने मंदिर की इमारत पर कथित तौर पर ईंटें फेंकीं, जिससे काफी नुकसान हुआ। एचएएफ के अनुसार, ग्रेटर क्लीवलैंड क्षेत्र के रिचमंड हाइट्स स्थित स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर को अपराह्न करीब 1:30 बजे निशाना बनाया गया। अमेरिका स्थित गैर-लाभकारी संगठन ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा, आज ओहायो में हिंदू मंदिर पर हमला किया गया। संगठन ने बताया कि हमलावरों ने मंदिर पर ईंटें फेंकीं, जिससे काफी नुकसान हुआ।
एचएएफ ने कहा कि घटना का सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है और अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं। संगठन ने यह भी बताया कि वह मंदिर के पदाधिकारियों के संपर्क में है और उन्हें हरसंभव सहायता दे रहा है। फाउंडेशन ने कहा, सीसीटीवी का वीडियो उपलब्ध है और अधिकारी इसकी समीक्षा कर रहे हैं। एफबीआई और नागरिक अधिकार विभाग को इसकी जानकारी दी जा रही है। एचएएफ मंदिर के पदाधिकारियों के संपर्क में है और हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है। उत्तर अमेरिका के हिंदुओं के गठबंधन (सीओएचएनए) ने कहा कि हमले में मंदिर की खिड़कियां टूट गईं। घटना के समय पुजारी और श्रद्धालु मंदिर के अंदर मौजूद थे। संगठन ने यह नहीं बताया कि हमले में कोई घायल हुआ है या नहीं और न ही यह स्पष्ट किया कि कितनी खिड़कियां क्षतिग्रस्त हुईं।
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (एचएएफ) और उत्तर अमेरिका के हिंदुओं के गठबंधन (सीओएचएनए) ने इस घटना को संभावित घृणा अपराध बताया है। मामले की जांच जारी है और माना जा रहा है कि निगरानी कैमरे की फुटेज हमले के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। एचएएफ ने कहा, यह संभावित घृणा अपराध ऐसे समय हुआ है, जब हिंदू अमेरिकी समुदाय के खिलाफ अभूतपूर्व नफरत और कटुता देखने को मिल रही है। संगठन ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से जिम्मेदार लोगों को पकड़ने को प्राथमिकता देने की अपील की।
फाउंडेशन ने अमेरिका के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और सरकारी एजेंसियों से भारतीय और हिंदू अमेरिकी समुदायों के खिलाफ की जा रही नफरत भरी बयानबाजी की सार्वजनिक रूप से निंदा करने का भी आग्रह किया। सीओएचएनए ने अलग से रिचमंड हाइट्स की मेयर किम थॉमस और स्थानीय प्रशासन से घटना की निंदा करने की अपील की। संगठन ने पुलिस से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तेजी से कार्रवाई करने का भी आग्रह किया। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब ओहायो और अमेरिका के अन्य हिस्सों में हिंदू समुदाय अक्टूबर में विभिन्न सामुदायिक संगठनों द्वारा मनाए जाने वाले हिंदू विरासत माह से जुड़े कार्यक्रमों की शुरुआत कर रहे हैं। यह घटना महत्वपूर्ण हिंदू त्योहार नवरात्रि से पहले भी हुई है।

Comment List