एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी : कांग्रेस का केन्द्र पर हमला, वेणुगोपाल का आरोप- चुनाव खत्म होते ही सरकार ने आम जनता पर डाला महंगाई का बोझ
राहत के बजाय सरकार ने कीमतों का बोझ जनता पर डाला
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एलपीजी कीमतों में भारी बढ़ोतरी पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होते ही जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया गया। कमर्शियल सिलेंडर करीब 993 रुपये महंगा हुआ, जिससे ढाबों-रेस्टोरेंट्स और छोटे कारोबारियों पर असर पड़ेगा। सरकार से तत्काल राहत देने की मांग की गई।
नई दिल्ली। कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होते ही भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया है। वेणुगोपाल ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में करीब एक हजार रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है, जिसका सीधा असर उन करोड़ों लोगों पर पड़ेगा, जो छोटे ढाबों और रेस्टोरेंट्स से भोजन पर निर्भर हैं। इसके साथ ही छोटे खाद्य व्यवसायों पर भी इसका अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की आम लोगों की परेशानियों के प्रति संवेदनशीलता केवल चुनावी समय तक सीमित रहती है, जबकि चुनाव खत्म होने के बाद जनता को अपने हाल पर छोड़ दिया जाता है।
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि पिछले तीन महीनों से जारी ईरान युद्ध के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल और गैस की कीमतों में उतार-चढ़ाव की आशंका थी, ऐसे में सरकार को पहले से ठोस योजना बनाकर आम नागरिकों को राहत देनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा करने के बजाय सरकार ने सीधे तौर पर कीमतों का बोझ जनता पर डाल दिया। वेणुगोपाल ने सरकार से मांग की कि वह तुरंत हस्तक्षेप कर एलपीजी की कीमतों में राहत दे और छोटे कारोबारियों तथा आम लोगों को महंगाई से बचाने के लिए ठोस कदम उठाए।
गौरतलब है कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई है वहीं 5 किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी शुक्रवार से 261 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है।

Comment List