राहुल गांधी की सरकार को चुनौती, सच में ईमानदार है तो कराए छात्रों के मुद्दे पर संसद में चर्चा
छात्रों के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का फैसला
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सरकार को चुनौती देते हुए कहा है कि यदि वह छात्रों के मुद्दे पर सच मे ईमानदार है तो उसे बुधवार को ही संसद के दोनों सदनों में इस पर चर्चा करानी चाहिए। राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के समक्ष प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने और रिहा होने के बाद अपने पहले बयान में कहा कि मंगलवार सुबह उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर छात्रों के मुद्दे पर चर्चा कराने का आग्रह किया। अध्यक्ष ने कहा कि इसके लिए सरकार से अनुमति लेनी होगी, जिससे स्पष्ट हो गया कि सरकार इस विषय पर चर्चा नहीं चाहती।
उन्होंने कहा कि इसके बाद विपक्ष ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर छात्रों के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का फैसला किया। छात्रों की मांग है कि शिक्षा मंत्री और गृह मंत्री इस्तीफा दें। छात्रों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार के जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो तथा छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएं। उन्होंने कहा कि पूरा विपक्ष चाहता है कि बुधवार को लोकसभा और राज्यसभा में इस मुद्दे पर चर्चा हो।

Comment List