यूपी में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार एसयूवी : भीषण टक्कर में कार के उड़े परखच्चे, घायलों को गेट काटकर निकाला बाहर; 6 लोगों की मृत्यु
चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल
जालौन के कालपी में झांसी-कानपुर हाईवे-27 पर तेज रफ्तार टवेरा खड़े ट्रक से भिड़ी। टक्कर में 6 लोगों की मौत, 4 गंभीर घायल। हादसा भारत गैस गोदाम के पास हुआ। कार के परखच्चे उड़े, फंसे लोगों को गेट काटकर निकाला गया। सभी ललितपुर के निवासी, झांसी जा रहे थे। पुलिस ने राहत-बचाव कर यातायात बहाल किया और जांच जारी है।
जालौन। उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के कालपी कोतवाली क्षेत्र में झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 27 पर सोमवार को एक तेज रफ्तार एसयूवी के सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने से 6 लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गयी जबकि चार अन्य गंभीर रुप से घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि आज सुबह भारत गैस गोदाम के पास तेज रफ्तार टवेरा गाड़ी अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गयी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टवेरा के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
राहगीरों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार का गेट काटकर घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि सभी लोग ललितपुर जिले के महरौनी थाना क्षेत्र के हरदौल मोहल्ले के निवासी थे और कानपुर से झांसी की ओर जा रहे थे। सूचना पर पहुंची कालपी पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरु किया और हादसे से उत्पन्न बाधित यातायात को बहाल कराया। मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किये जा रहे हैं।

Comment List