भारत और लाइबेरिया ने की समुद्री जहाजों पर हमलों की निंदा : तत्काल रोक लगाने की मांग, कहा- इन हमलों से समुद्री व्यापार बाधित
से कृत्यों को किसी भी तरह सही नहीं ठहराया जा सकता
नई दिल्ली। भारत और लाइबेरिया ने खाड़ी क्षेत्र और उसके आसपास के इलाकों तथा काला सागर में पिछले कुछ दिनों में वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इन्हें तुरंत रोके जाने की मांग की है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई मिशन ने गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि दोनों देशों ने एक संयुक्त वक्तव्य में कहा है कि इन हमलों से समुद्री व्यापार बाधित होता है और निर्दोष लोगों की जान जाती है। ऐसे कृत्यों को किसी भी तरह सही नहीं ठहराया जा सकता। दोनों देशों ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए इन हमलों को तुरंत रोकने की अपील की।
भारत और लाइबेरिया ने कहा है कि वे ऐसे हमलों को दोबारा होने से रोकने के लिए आपसी तालमेल बढ़ाने और नाविकों के अधिकारों की रक्षा करने में सहयोग देने के लिए तैयार हैं। भारत और लाइबेरिया ने हमलों में जान गंवाने वाले नाविकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उल्लेखनीय है कि भारत और लाइबेरिया ने पिछले महीने समुद्री जहाजों और नाविकों की सुरक्षा के लिए मित्र देशों के समूह एस 4 की शुरुआत की थी।

Comment List