गोवा से दिल्ली उड़ान भरते ही इंडिगो विमान में आई तकनीकी खराबी, फुल इमरजेंसी के बाद सुरक्षित लौटा फ्लाइट
तकनीकी खराबी के कारणों की जांच में जुटे विशेषज्ञ
गोवा। गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंजन में खराबी के चलते वापस गोवा मोपा एयरपोर्ट लौटना पड़ा। मंगलवार सुबह करीब 9:16 बजे विमान ने मोपा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। कुछ ही मिनट बाद हवा में विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी का पता चला।
स्थिति की जानकारी मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने सुबह करीब 9:30 बजे ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी। इसके बाद पायलट ने विमान को वापस मोपा एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया। करीब 9:50 बजे विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा ली गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सभी सदस्यों को सुरक्षित बताया जा रहा है। इंजन में खराबी के कारणों का पता लगाने के लिए विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई।

Comment List