ईरान ने खोला होर्मुज स्ट्रेट : सीजफायर की शेष अवधि में गुजर सकेंगे वाणिज्यिक जहाज, ट्रम्प ने कहा- शुक्रिया
समझौता पूरा होने तक ईरान की घेराबंदी जारी
लेबनान संघर्षविराम के बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को वाणिज्यिक जहाजों के लिए खोल दिया। अमेरिका ने स्वागत किया, पर समझौता पूरा होने तक घेराबंदी जारी रखने की बात कही। इस कदम से वैश्विक समुद्री व्यापार को राहत मिली, जबकि शांति संकेतों के बीच कच्चे तेल की कीमतों में 10–11% तक तेज गिरावट दर्ज की गई।
तेहरान। ईरान ने घोषणा की है कि लेबनान में लागू संघर्ष विराम के मद्देनजर, होर्मुज स्ट्रेट से सभी वाणिज्यिक जहाजों के गुजरने का मार्ग पूरी तरह से खोल दिया गया है। सोशल मीडिया पोस्ट में स्पष्ट किया कि संघर्ष विराम की शेष अवधि के दौरान सभी व्यापारिक जहाजों के लिए यह मार्ग खुला रहेगा। यह आवागमन ईरान के बंदरगाह और समुद्री संगठन द्वारा पहले से निर्धारित और समन्वित मार्ग के माध्यम से संचालित किया जाएगा।
समझौता पूरा होने तक ईरान की घेराबंदी जारी रहेगी : ट्रम्प
उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के इस फैसले का स्वागत किया। ट्रंप ने अपने ‘ट्रुथ सोशल’ पर धन्यवाद लिखते हुए कहा कि यह जलमार्ग अब व्यापार और पूर्ण आवागमन के लिए तैयार है। हालांकि, राष्ट्रपति ने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी नौसैनिक घेराबंदी तब तक पूरी तरह प्रभावी रहेगी, जब तक कि ईरान के साथ होने वाला समझौता 100 प्रतिशत पूरा नहीं हो जाता। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह प्रक्रिया जल्द पूरी होगी क्योंकि अधिकांश बिंदुओं पर पहले ही सहमति बन चुकी है।
समुद्री व्यापार सुचारू बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
ईरान का यह कदम क्षेत्रीय तनाव को कम करने और अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार को सुचारू बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल पारगमन मार्गों में से एक है, और यहां से आवाजाही बहाल होने से वैश्विक ऊर्जा बाजार और शिपिंग उद्योग को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
हमने जो नष्ट की वह परमाणु धूल अमेरिका लेगा
ईरान के साथ परमाणु समझौते और लेबनान संकट पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका उन सभी परमाणु धूल को अपने कब्जे में लेगा जिन्हें बी-2 बमवर्षकों ने नष्ट किया था और इस सौदे में किसी भी तरह के धन का लेन-देन नहीं होगा। उन्होंने इस बात का खुलासा नहीं किया कि यह धूल कहां पर है और उसे कैसे कब्जे में लिया जाएगा।
अब लेबनान में बमबारी नहीं करेगा इजरायल
उन्होंने लेबनान में शांति की घोषणा करते हुए कहा कि इजरायल अब वहां बमबारी नहीं करेगा और अमेरिका ने इस पर प्रतिबंध लगा दिया है। उन्होंने हिजबुल्लाह की स्थिति से निपटने के लिए लेबनान के साथ अलग से काम करने की बात भी कही।
कच्चे तेल के दामों में भारी गिरावट
उधर ईरान और अमेरिका के बीच शांति की इन संभावनाओं और होर्मुज जलडमरूमध्य के खुलने की खबर का वैश्विक तेल बाजार पर तत्काल असर पड़ा और कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट नॉर्थ सी क्रूड 10 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 89.11 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट 11 प्रतिशत टूटकर 84.11 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।

Comment List