इजरायली हमले में आईआरजीसी कमांडर की मौत, काट्ज ने कहा- युद्ध के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए ईरान में जारी रखेंगे अभियान
सुरंगें बिछाने के अभियान के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार था
इजरायल ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि आईआरजीसी नौसेना प्रमुख अलीरेजा तंगसिरी इजरायली हमले में मारे गए। रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज के अनुसार, बंदर अब्बास में बैठक के दौरान उन्हें निशाना बनाया गया। तंगसिरी होर्मुज जलडमरूमध्य में नाकेबंदी योजनाओं से जुड़े थे। इजरायल ने इसे कड़ा संदेश बताते हुए ईरान में अभियान जारी रखने की चेतावनी दी।
तेल अवीव। इजरायली रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने गुरुवार को घोषणा की है कि इजरायली हमले में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना के कमांडर अलीरेजा तंगसिरी की मौत हो गई है। सैन्य अधिकारियों के साथ आज सुबह एक समीक्षा बैठक के दौरान काट्ज ने कहा कि इजरायली रक्षा बलों (आईडीएफ) ने आईआरजीसी नौसेना के कमांडर को खत्म कर दिया है। यह वही व्यक्ति था, जो समुद्री यातायात के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकेबंदी करने और वहां सुरंगें बिछाने के अभियान के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार था।
काट्ज ने कहा कि यह हमला आईआरजीसी के लिए एक संदेश है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आईडीएफ आपका पीछा करेगा और आप सभी को एक-एक करके खत्म कर देगा। हम युद्ध के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए पूरी ताकत के साथ ईरान में अपना अभियान जारी रखेंगे। इजरायली अधिकारियों के अनुसार तंगसिरी को ईरानी बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में उस समय निशाना बनाया गया, जब वह आईआरजीसी नौसेना के वरिष्ठ कमांडरों के साथ बैठक कर रहे थे।

Comment List