सीजेपी नेताओं की विमान से हिरासत पर केजरीवाल का केन्द्र पर वार : यह आपतकाल से भी बदतर, लोकतंत्र को कुचल रही सरकार
। केजरीवाल ने चुनाव में कथित वोट चोरी का आरोप भी लगाया
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी ) नेताओं को विमान से ही हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए इसे आपातकाल से भी बदतर स्थिति करार दिया। केजरीवाल ने शनिवार को सोशल मीडिया 'एक्स' पर कहा, यह आपातकाल से भी बदतर है। उन्होंने सीजेपी नेताओं को उनकी उड़ान से सीधे हिरासत में लिए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि यह अभूतपूर्व डर को दर्शाता है। केजरीवाल ने चुनाव में कथित वोट चोरी का आरोप भी लगाया और दावा किया कि केन्द्र सरकार अब अपने कथित चुनावी धोखे को बचाने के लिए लोकतंत्र को पूरी तरह कुचलने पर आमादा हैं। उन्होंने सरकार पर लोकतंत्र को कुचलने का आरोप लगाया।
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय पार्टी आप के राष्ट्रीय कार्यालय को सील कर दिया है। भारद्वाज ने पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्षी दलों और उनके नेताओं को प्रदर्शन से रोकने के लिए इस तरह की कार्रवाई की जा रही है। भारद्वाज ने कहा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल के घर को दिल्ली पुलिस ने किले में बदल दिया है। देश में अघोषित आपातकाल लागू कर दिया गया है। वहीं, दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सीजेपी नेताओं को विमान के भीतर हिरासत में लिए जाने का वीडियो एक्स पर साझा किया। वीडियो के साथ अपनी प्रतिक्रिया में उन्होंने लिखा, एक बौखलाई और घबराई हुई सरकार और क्या कर सकती है।
इससे पहले सीजेपी ने दावा किया था कि मुंबई से दिल्ली पहुंचे उसके नेताओं अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर विमान से उतरते ही हिरासत में ले लिया गया। पार्टी के अनुसार, विमान के उतरने के बाद महिला पुलिस अधिकारी अंदर पहुंचीं और नेताओं को समझाने का प्रयास किया। बातचीत विफल रहने पर तीनों को हिरासत में ले लिया गया।

Comment List