खिलौनों से खेलने की उम्र में बनाया वर्ल्ड क्लास रिकॉर्ड, जानें 4 साल के बच्चे का कमाल
नन्हे अथर्व का कमाल
नई दिल्ली। बच्चे जिस उम्र में अक्षर पहचानना और धीरे-धीरे पढ़ना सीखते हैं, उस उम्र में बेंगलुरु के चार वर्षीय अथर्व कीर्ति सागर ने अपनी असाधारण प्रतिभा से सबको हैरान कर दिया है। अथर्व ने महज 26 मिनट 49 सेकंड और 76 मिलीसेकंड में कहानी की किताब के 1,676 अंग्रेजी शब्द पढ़कर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करा लिया। अथर्व को यह उपलब्धि 7 सितंबर 2026 को मिली। उस समय उनकी उम्र 4 साल, 11 महीने और 10 दिन थी। उनका जन्म 28 सितंबर 2021 को हुआ था। उन्हें यह सम्मान इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की 'यंग अचीवर्स' श्रेणी के तहत दिया गया है।
अथर्व ने मशहूर लेखिका सुधा मूर्ति की पुस्तक 'द मैजिक ऑफ द लॉस्ट टेम्पल' के अध्याय 'ए सेंड-ऑफ पार्टी' को पढ़कर यह उपलब्धि हासिल की। इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने उनके इस कारनामे को 'मैक्सिमम इंग्लिश वर्ड्स रीड फ्रॉम ए स्टोरी बुक बाय ए किड' श्रेणी में दर्ज किया है। इतनी कम उम्र में अथर्व की इस उपलब्धि ने उनकी पढ़ने की क्षमता और असाधारण प्रतिभा को चर्चा में ला दिया है।

Comment List