दिल्ली-एनसीआर में महसूस किए गए भूकंप के हल्के झटके, जान-माल की कोई हानि नहीं
राजधानी में भूकंप के हल्के झटके, उत्तर दिल्ली था केंद्र
दिल्ली-NCR में सोमवार सुबह 2.8 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, इसका केंद्र उत्तर दिल्ली में जमीन से 5 किलोमीटर नीचे स्थित था।
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी और उसके आसपास के क्षेत्रों में सोमवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किये गये। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 2.8 मापी गयी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केन्द्र (एनसीएस) ने यह जानकारी दी। राजधानी में सुबह आठ बजकर 44 मिनट पर भूकंप के हल्के झटके महसूस होने पर कई इलाकों में लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आये। भूकंप के झटके हालांकि हल्के थे जिससे किसी तरह के जान-माल के नुकसान नहीं हुआ।
भूकंप का केंद्र उत्तर दिल्ली बताया गया है। एनसीएस के अनुसार भूकंप का केंद्र उत्तर दिल्ली में 28.86 डिग्री उत्तरी अक्षांश, 77.06 डिग्री पूर्वी देशांतर पर जमीन सतह से पांच किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप के लिहाज से दिल्ली की गिनती संवेदनशील इलाकों में होती है। राजधानी उच्च जोखिम वाले सीस्मिक जोन-4 में आती है।

Comment List