कॉप-30 में बड़ा हादसा : बेलेम के ब्लू जोन में आग लगने से अफरातफरी, 13 घायल; गुटेरेस और भारतीय प्रतिनिधिमंडल सहित हजारों लोगों को सुरक्षित निकाला गया बाहर
घटना के बाद तुरंत अलार्म बजाया गया
ब्राजील के बेलेम में कॉप-30 शिखर सम्मेलन के मुख्य स्थल ‘ब्लू ज़ोन’ में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। उच्च-स्तरीय बैठकों और मीडिया सेंटर वाले इस क्षेत्र से हज़ारों प्रतिभागियों को तुरंत बाहर निकाला गया। घटना में 13 लोग घायल हुए और मौके पर ही उपचार मिला। आग के समय मौजूद यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस और भारत के मंत्री भूपेंद्र यादव को सुरक्षित निकाल लिया गया।
ब्रासीलिया। ब्राजील के बेलेम में आयोजित हो रहे कॉप-30 जलवायु शिखर सम्मेलन के मुख्य स्थल पर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग समारोह के केंद्रीय क्षेत्र ‘ब्लू ज़ोन’ में लगी, जहाँ उच्च-स्तरीय बैठकें, अंतरराष्ट्रीय वार्ताएँ, मीडिया सेंटर और प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों के कार्यालय स्थित हैं। घटना के बाद तुरंत अलार्म बजाया गया और हज़ारों प्रतिभागियों को सभी निकास द्वारों से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में 13 लोग घायल हुए, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक चिकित्सा दी गई और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
आग लगने के समय संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस भी स्थल पर मौजूद थे। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा विभाग ने उन्हें तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया। इसी तरह भारत के पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और भारतीय प्रतिनिधिमंडल भी ब्लू ज़ोन के अंदर थे, लेकिन उन्हें भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आयोजन समिति ने आश्वस्त किया है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और आग लगने की वजह की जांच की जा रही है।

Comment List