मायावती का अशोक सिद्धार्थ पर निशाना, बोलीं- फैसला देर से सही, आकाश आनंद को भी भुगतना पड़ा नुकसान
मायावती ने कार्यकर्ताओं से यूपी में बसपा सरकार बनाने का आह्वान किया
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे ‘देर आए, दुरुस्त आए’ बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि यदि यह निर्णय पहले लिया गया होता तो बसपा, बहुजन आंदोलन और आकाश आनंद को बार-बार विपरीत परिस्थितियों का सामना नहीं करना पड़ता।
मायावती ने कहा कि बसपा की राजनीति बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के त्याग, समर्पण तथा निजी एवं पारिवारिक स्वार्थ से दूर रहने के सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पद और व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर बहुजन समाज को सत्ता में भागीदारी दिलाने के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
मायावती ने अशोक सिद्धार्थ और आकाश आनंद पर पार्टी हितों से अधिक पारिवारिक संबंधों को महत्व देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता समेत सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है। साथ ही कार्यकर्ताओं से यूपी में ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाने के लिए जुटने की अपील की।

Comment List