समय से पहले आया मानसून : केरल में दी दस्तक, भारी बारिश और भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार
बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ा
चेन्नई। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गुरुवार को केरल में दस्तक दी, जिससे तमिलनाडु के सीमावर्ती जिलों में भारी बारिश होने तथा भीषण गर्मी के प्रकोप से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने इसकी औपचारिक घोषणा करते हुए बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के शेष हिस्सों, मध्य-पश्चिम और मध्य-पूर्व अरब सागर के कुछ हिस्सों, पूरे लक्षद्वीप द्वीप समूह, केरल और माहे में आगे बढ़ गया है। इसके साथ ही मानसून आज कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, कोमोरिन क्षेत्र के शेष हिस्सों, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम, मध्य-पश्चिम, मध्य-पूर्व एवं उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में भी आगे बढ़ चुका है।
विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों के दौरान मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, पूरे गोवा, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, कर्नाटक के कुछ और हिस्सों, तमिलनाडु के शेष हिस्सों, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, मध्य-पश्चिम, मध्य-पूर्व और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों तथा पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बिल्कुल अनुकूल हैं। विज्ञप्ति में कहा गया, आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून एक जून को केरल में दस्तक देता है। इस बार मानसून अपनी सामान्य तिथि से 3 दिन की देरी से केरल पहुंचा है।

Comment List