म्यांमार : गृहयुद्ध से भारतीय सीमा के पास हालात बदतर, 4 दिन में 4,000 से ज्यादा लोग भागकर पहुंचे भारत
घने जंगलों के रास्ते सीमा पार करते हुए भारत पहुंचे हैं
मिजोरम के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी है। म्यामांर से शरण की तलाश में आए यह लोग घने जंगलों के रास्ते सीमा पार करते हुए भारत पहुंचे हैं।
नेपीडा। म्यांमार में जुंटा शासन और विद्रोही गुटों के बीच तेज होती लड़ाई ने बड़ी संख्या में लोगों को अपने घरों से भागने पर मजबूर कर दिया है। म्यांमार के हिंसाग्रस्त इलाकों से जान बचाकर भाग रहे लोग भारत-बांग्लादेश और दूसरे पड़ोसी देशों में शरण लेने की कोशिश कर रहे हैं। म्यांमार में बीते हफ्ते स्थिति के खराब होने के बाद 4,000 से ज्यादा लोग भागकर भारतीय सीमा में आए हैं। साल 2021 में सेना के सत्ता पर कब्जे के बाद से म्यांमार में लगातार गृहयुद्ध चल रहा है। यूरेशयन टाइम्स ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि म्यांमार में भारी लड़ाई के चलते पिछले चार दिनों में करीब 4,000 लोग भागकर भारत आने को मजबूर हुए हैं। मिजोरम के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी है। म्यामांर से शरण की तलाश में आए यह लोग घने जंगलों के रास्ते सीमा पार करते हुए भारत पहुंचे हैं।
झड़पों ने बढ़ाई चिंता
मिजोरम के गृह सचिव वनलालमाविया ने बताया कि सशस्त्र समूहों के बीच झड़पों के कारण चीजें ज्यादा खराब हुई हैं। चिनलैंड कहे जेने वाले क्षेत्र पर नियंत्रण के लिए ये संघर्ष हो रहा है। इसके चलते यहां रहने वाले लोगों को पलायन करना पड़ रहा है। वनलालमाविया ने बताया कि कई लोगों के रिश्तेदार भारत में हैं। ऐसे में वह उनके साथ हैं। बाकी लोगों को सामुदायिक भवनों में ठहराया गया है। मिजोरम पुलिस के अधिकारियों ने बताया है कि सीमा के आसपास स्थिति काफी ज्यादा तनावपूर्ण बनी हुई है। ऐसे में फिलहाल इन लोगों को वापस जाने के लिए नहीं कहा जा रहा है। मिजोरम में पहले से ही म्यांमार के कम से कम 30,000 से अधिक शरणार्थियों की मेजबानी कर रहा है। ऐसे में म्यांमार से और ज्यादा शरणार्थियों का आगमन मुश्किल पैदा कर सकता है।

Comment List