नीट की नई परीक्षा तिथि घोषित : अब 21 जून को होगा एग्जाम, नहीं लगेगी रजिस्ट्रेशन फीस
पेपर लीक होने के कारण रद्द कर दी थी नीट परीक्षा
मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए नीट-यूजी परीक्षा अब 21 जून को होगी। 3 मई को पेपर लीक के कारण परीक्षा रद्द कर दी गई थी। एनटीए ने बताया कि 22 लाख से अधिक अभ्यर्थियों की परीक्षा दोबारा होगी। नया रजिस्ट्रेशन या फीस नहीं लगेगी। अभ्यर्थियों को केवल एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है।
नई दिल्ली। मेडिकल कॉलेजों मे स्नातक स्तर तक प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट -यूजी) अब 21 जून को होगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेन्सी (एनटीए) ने गत तीन मई को आयोजित की गयी नीट परीक्षा पेपर लीक होने के कारण रद्द कर दी थी। एनटीए ने शुक्रवार को कहा कि अब यह परीक्षा देशभर में 21 जून को आयोजित की जायेगी। नीट की तीन मई को हुयी परीक्षा में 22 लाख से अधिक छात्र - छात्रायें शामिल हुये थे।
एनटीए पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि फिर से करवायी जा रही परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को नये सिरे से पंजीकरण नहीं करवाना पड़ेगा तथा किसी तरह की फीस भी नहीं देनी होगी। उसमें परीक्षार्थियों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करने का अनुरोध किया है।

Comment List