पीएनजी का नया कनेक्शन 24 घंटे में मिलेगा : पाइप लाइन बिछाने के लिए तमाम मंजूरियों की जरूरत नहीं, सुजाता शर्मा ने कहा- एलपीजी वितरक के पास कोई कमी नहीं
घबराएं नहीं, ऑनलाइन बुकिंग करें
पश्चिम एशिया संकट के बीच सरकार ने PNG कनेक्शन को बढ़ावा देते हुए नए आवेदन 24 घंटे में मंजूर करने का फैसला लिया। कालाबाजारी पर 12,000 छापे, 15,000 सिलेंडर जब्त। LPG उत्पादन 38% बढ़ा। घबराहट में बुकिंग न करें, ऑनलाइन ऑर्डर करें। 47 हजार मीट्रिक टन LPG लेकर ‘नंदा देवी’ टैंकर भारत पहुंचा।
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर सरकार ने पाइप के माध्यम से रसोई गैस का पीएनजी कनेक्शन लेने वालों के लिए प्रोत्साहन योजना शुरू करने के साथ-साथ नए आवेदनों को 24 घंटे में मंजूरी देने का निर्णय लिया है। उपभोक्ताओं को रसोई गैस सिलेंडर आसानी से उपलब्ध कराने के लिए सरकार जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ व्यापक अभियान चला रही है। इसके तहत पिछले कुछ दिनों में देश भर में लगभग 12,000 छापे मारे गए हैं और लगभग 15,000 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। उत्तर प्रदेश में दस लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा घरेलू एलपीजी का उत्पादन भी 38 प्रतिशत बढ़ गया है। पेट्रोलियम मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने पश्चिम एशिया के संकट से उत्पन्न स्थिति की जानकारी देने के लिए बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में मंगलवार को बताया कि केन्द्र सरकार वाणिज्यिक एलपीजी उपभोक्ताओं को पीएनजी में स्थानांतरित करने की कोशिश कर रही है। केन्द्र ने राज्य सरकारों को पत्र लिखकर उनसे अनुरोध किया है कि पीएनजी की नई पाइपलाइन बिछाने के लिए सभी अनुमतियां स्वीकृति मानी जाएं और स्थानीय प्राधिकरण द्वारा लगाए जाने वाले सड़क पुनर्स्थापन और अनुमति शुल्क को माफ किया जाना चाहिए।
एलपीजी वितरक के पास कोई कमी नहीं
उन्होंने स्पष्ट किया कि एलपीजी के मामले में, मैं कहना चाहूंगी कि स्थिति अभी भी चिंताजनक है। हालांकि, किसी भी एलपीजी वितरक पर कोई कमी नहीं है। रिटेल आउटलेट्स पर किसी प्रकार की कमी नहीं है। पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
घबराएं नहीं, ऑनलाइन बुकिंग करें
उन्होंने लोगों से अपील की, वे अफवाहों से दूर रहें, घबराएं नहीं, ऑनलाइन बुकिंग करें और एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी उनके घर पर की जाएगी। घबराहट में बुकिंग करने से बचें। कल लगभग 70 लाख घबराहट में बुकिंग दर्ज की गईं। इसके अलावा, जहां वैकल्पिक ईंधन संभव हैं, चाहे वह पीएनजी हो, इंडक्शन हो या इलेक्ट्रिक कुकटॉप, एलपीजी का उपयोग यथासंभव कम करें। जहां भी संभव हो, संरक्षण करें।
‘नंदा देवी’ भी पहुंचा भारत 47 हजार मीट्रिक टन एलपीजी लाया
होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित रूप से शिवालिक के भारत पहुंचने के बाद एक और एलपीजी टैंकर ‘नंदा देवी’ मंगलवार को भारत पहुंचा। नंदा देवी होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करते हुए वडीनार बंदरगाह पर पहुंचा है। यह जहाज अपने साथ 47 हजार मीट्रिक टन से ज्यादा एलपीजी लेकर आया है।

Comment List