तेल के दाम गिरेंगे, युद्ध थमेगा! ट्रंप के बयान में छिपा बड़ा संकेत
ईरान युद्ध खत्म होते ही धड़ाम होंगे तेल के दाम
वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ जारी युद्ध 'बहुत जल्द' समाप्त हो जाएगा और संघर्ष खत्म होते ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में काफी गिरावट आएगी। मोंटाना में एक जनसभा और उसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने दावा किया, ईरान के साथ युद्ध बहुत जल्द समाप्त होगा। वे जैसे ही इसे समाप्त करना चाहेंगे, यह खत्म हो जाएगा। उनके पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होंगे और तेल की कीमतों में तेजी से कमी आएगी।
इस दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति ने ईरान के साथ जारी कूटनीतिक बातचीत को लेकर अनिश्चितता भी जताई। उन्होंने कहा, ईरान के पास अब न तो नौसेना बची है और न ही वायुसेना। उनकी सेना तबाह हो चुकी है और उनके शीर्ष नेता खत्म हो चुके हैं। मुझे शायद उनके नेताओं को छोड़ देना चाहिए था, क्योंकि अब समझ नहीं आ रहा कि हम आखिर किससे बातचीत कर रहे हैं।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सैन्य कार्रवाइयों ने ईरान की सैन्य क्षमताओं को काफी कमजोर कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी हमलों में ईरान का पूरा नौसैनिक बेड़ा नष्ट हो चुका है और उसके लड़ाकू विमान रनवे पर ही तबाह हो गए हैं। उनके अनुसार, ईरान के पास मौजूद सभी 159 जहाज समुद्र के तल में डूब चुके हैं और उसके 274 लड़ाकू विमानों में से आज एक भी इस्तेमाल लायक नहीं बचा है।

Comment List