ओरेकल के एलिसन बने दुनिया के सबसे अमीर आदमी, पर जल्द खोया खिताब
एलिसन साल 2014 तक ओरेकल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी थे
कम्प्यूटर क्षेत्र की दिग्गज कंपनी ओरेकल के सह संस्थापक लैरी एलिसन कुछ ही देर के लिए सही पर दुनिया के सबसे अमीर शख्स बन गए।
वॉशिंगटन। कम्प्यूटर क्षेत्र की दिग्गज कंपनी ओरेकल के सह संस्थापक लैरी एलिसन कुछ ही देर के लिए सही पर दुनिया के सबसे अमीर शख्स बन गए। उन्होंने नंबर वन की पोजीशन पर काबिज एलन मस्क को दूसरे नंबर पर धकेल दिया। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, बुधवार सुबह एलिसन की संपत्ति बढ़कर 393 अरब डॉलर हो गई, जबकि टेस्ला के मालिक मस्क 385 अरब डॉलर पर आ गए। यह उछाल ओरेकल के शेयरों के 40 प्रतिशत से ज़्यादा बढ़ने के बाद आया। यह एलिसन की संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा है। यह स्थिति ज्यादा देर तक नहीं रह सकी और कंपनी के शेयर की कीमत दिन के अंत तक कुछ कम हो गई, जिससे मस्क फिर से शीर्ष पर आ गए।
मस्क की सबसे मूल्यवान कंपनी, टेस्ला के शेयरों में इस साल गिरावट आई है। अमेरिकी प्रशासन के इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर सख्ती के कारण निवेशकों की चिंता और मस्क की राजनीतिक भागीदारी पर उपभोक्ताओं की तीखी प्रतिक्रिया से भी यह नुकसान हुआ है जबकि ऑरेकल को हाल ही में डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर की बढ़ती मांग ने आगे बढ़ाया है। ऑरेकल ने अपने डेटा सेंटरों के लिए एआई कंपनियों के बीच मांग में वृद्धि की सूचना दी है, जिससे उसके शेयरों में नाटकीय रूप से बढ़ोतरी हुई है। 81 वसंत देख चुके एलिसन ने 1977 में ओरेकल की शुरुआत की थी। वह अपनी विलासितापूर्ण जीवनशैली के लिए पहचाने जाते हैं। एलिसन साल 2014 तक ओरेकल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी थे और अब कंपनी के अध्यक्ष और मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी हैं। उन्होंने खुद को राष्ट्रपति ट्रंप के सहयोगी के रूप में स्थापित किया है।
दुनिया के सबसे अमीरों की इस सूची में एलन मस्क और एलिसन के बाद तीसरे नंबर पर फेसबुक के मालिक मार्क जुकरबर्ग हैं। इस लिस्ट में भारतीय उद्योगपति मुकेश अंबानी 18वें और गौतम अडानी 21वें स्थान पर हैं।

Comment List