पंजाब में नशा विरोधी अभियान चलाने वाले परविंदर सिंह की हत्या : नशे की बिक्री को लेकर दुकानदार से बहस, पूरी वारदात वीडियो में कैद
झोटा के एक साथी की हालत गंभीर
मानसा। पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले एंटी ड्रग टास्क फोर्स के संचालक परविंदर सिंह झोटा की मंगलवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के समय झोटा फेसबुक पर लाइव थे। सामने आए वीडियो में मेडिकल स्टोर के मालिक के साथ उनकी बहस और इसके बाद गोली चलने की घटना दिखाई दे रही है। झोटा के एक साथी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार झोटा मेडिकल स्टोर पर पहुंचे और दुकानदार से पूछा कि उसने सुबह एक बुजुर्ग को नशा बेचा है या नहीं। दुकानदार ने आरोप से इनकार किया, तो झोटा ने सीसीटीवी फुटेज दिखाने को कहा। उन्होंने बुजुर्ग से भी पूछताछ की और पुलिस अधिकारी को फोन करने की बात कही। वीडियो में दोनों के बीच करीब सवा चार मिनट तक बहस होती दिखाई देती है। इस दौरान झोटा दुकानदार के पास पिस्तौल होने की बात कहते हुए लोगों को दूर रहने के लिए कहते हैं। इसके बाद दुकानदार ने उन पर गोली चला दी।
गोली लगते ही मोबाइल नीचे गिर गया और लाइव वीडियो में दृश्य दिखना बंद हो गया। वारदात के बाद आरोपी मेडिकल स्टोर बंद कर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। झोटा लंबे समय से नशे की बिक्री का विरोध कर रहे थे और इस मुद्दे पर पहले भी विवादों में रहे थे।

Comment List