नशीले पदार्थों के खिलाफ जंग का हिस्सा बने लोग : भगवंत मान ने लोगों से की अपील, कहा - जनता की भागीदारी से जीतेंगे यह जंग
किसी को भी इसका खुलासा नहीं किया जाएगा
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि यह जंग आम जनता की सक्रिय भागीदारी से ही जीती जा सकती है।
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 'युद्ध नशों विरुद्ध मुहिम के तहत नशीले पदार्थों खिलाफ छेड़ी गई जंग को जन आंदोलन में बदलने के लिए समस्त पंजाबियों से बढ़-चढ़कर सहयोग देने की अपील की है। मान ने एक ऑडियो संदेश में कहा कि पंजाब सरकार ने युद्ध नशों विरुद्ध के रूप में नशों के खिलाफ व्यापक स्तर पर सख्त कार्रवाई शुरू की है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पिछली सरकारों के सीधे संरक्षण के कारण नशे की समस्या ने प्रदेश में अपने पैर पसार लिए थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान शुरू किया है और इसके लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि यह जंग आम जनता की सक्रिय भागीदारी से ही जीती जा सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस अभियान में जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 9779100200 जारी किया है। मान ने लोगों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र या शहर में सक्रिय नशा तस्करों से संबंधित कोई भी जानकारी इस व्हाट्सएप नंबर पर साझा करें। उन्होंने कहा कि जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और किसी को भी इसका खुलासा नहीं किया जाएगा।
Comment List