फुकेट-दिल्ली फ्लाइट हादसा : एयर इंडिया ने पायलट को किया बर्खास्त, पायलट ने ली थी नशीली दवा
एएआईबी की रिपोर्ट में खुलासा
नई दिल्ली। टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने गत 04 अगस्त को फुकेट-दिल्ली उड़ान दुर्घटना के सिलसिले में मुख्य पायलट को बर्खास्त कर दिया है। उड़ान संख्या एआई2379 फुकेट से दिल्ली आते समय हवा में अचानक 300 फीट नीचे गिर गया था। उस घटना में 24 लोग घायल हो गये थे। दिल्ली में लैंडिंग के बाद में नशीले पदार्थों के लिए की गई शुरुआती जांच में मुख्य पायलट की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई थी। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की शुक्रवार सुबह जारी प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार, खून के नमूनों की प्रयोगशाला जांच में भी मुख्य पायलट की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। इससे पहले, प्राथमिक रिपोर्ट आने के बाद पहली प्रतिक्रिया में एयर इंडिया ने कहा था कि वह जांच में पूरा सहयोग कर रही है और उसने स्वैच्छिक तौर पर सभी पायलटों की जांच शुरू कर दी है ताकि सुरक्षा के साथ कोई समझौता न हो।
रिपोर्ट: तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम फेल हुए
रिपोर्ट में यह भी पाया गया कि एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 2379 में उस दिन पहले ग्रीन हाइड्रोलिक सिस्टम विफल हुआ था। उसके बाद ब्लू हाइड्रोलिक सिस्टम और येलो हाइड्रोलिक सिस्टम भी विफल हो गया था। तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम के फेल होने के बाद विमान का ऑटो पायलट अपने आप बंद हो गया। इसके बाद को-पायलट ने विमान को नियंत्रित करने का प्रयास किया लेकिन तभी मुख्य पायलट ने बीच में नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया।

Comment List