पीएम मोदी और राजनाथ सिंह ने दी कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि, कहा- आने वाली पीढ़ियों के लिए उनका शौर्य सदैव राष्ट्रीय गौरव का स्रोत बना रहेगा
वीर सैनिकों को शत-शत नमन
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा है कि उनका शौर्य सदैव राष्ट्रीय गौरव का स्रोत बना रहेगा। मोदी ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अपने संदेश में कहा, ''कारगिल विजय दिवस पर, हमारा राष्ट्र भारत की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति उनके असाधारण साहस और प्रतिबद्धता के लिए वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता है। अत्यन्त विषम परिस्थितियों का सामना करते हुए प्रदर्शित उनका शौर्य सदैव राष्ट्रीय गौरव का स्रोत बना रहेगा। उनकी अटूट देशभक्ति और कर्तव्य के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को निरन्तर प्रेरित करता रहेगा।"
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा,"कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मातृभूमि की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी वीर सैनिकों को शत-शत नमन। वर्ष 1999 में कारगिल की दुर्गम चोटियों पर असाधारण पराक्रम का परिचय देने वाले सभी वीर सैनिकों के प्रति देशवासी सदैव कृतज्ञ एवं ऋणी रहेंगे।" उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का अदम्य साहस, त्याग और अटूट संकल्प आने वाली पीढ़ियों को देशप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और मातृभूमि के लिए सर्वस्व समर्पित करने की प्रेरणा देता रहेगा।
उल्लेखनीय है कि आज से 27 वर्ष पहले भारतीय सेना के रणबांकुरों ने करीब तीन महीने तक बेहद विषम परिस्थितियों में चले संघर्ष के बाद अपने साहस और वीरता से कारगिल की चोटियों पर कब्जा जमाए बैठे पाकिस्तान के जवानों और और घुसपैठियों को खदेड़ दिया था। इसके बाद से हर वर्ष 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है।

Comment List