कश्मीर में पुलिस और बीएसएफ की कार्रवाई : अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास करोड़ों की हेरोइन बरामद, खेत में मिले पीले रंगे के पैकेट
बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया
बीएसएफ ने जम्मू के आरएस पुरा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास लगभग 40 करोड़ रुपये मूल्य की बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया।
जम्मू। कश्मीर पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ संयुक्त अभियान में अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट करोड़ों रुपये की हेरोइन बरामद की है। यह नशीला पदार्थ जम्मू के रणबीर सिंह पुरा (आरएस पुरा) सेक्टर में ड्रोन के माध्यम से गिराए जाने की आशंका है। आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए जम्मू पुलिस और बीएसएफ ने जम्मू के आरएस पुरा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास लगभग 40 करोड़ रुपये मूल्य की बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि यह खेप ड्रोन के जरिए गिराई गई थी। बीएसएफ से अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध ड्रोन गतिविधि की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जम्मू कश्मीर पुलिस और बीएसएफ ने संयुक्त रूप से घेराबंदी एवं तलाशी अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि यह अभियान अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट आर.एस. पुरा सेक्टर के बासपुर क्षेत्र के नई बस्ती करोटाना में चलाया गया। सुबह तलाशी के दौरान नयी बस्ती करोताना स्थित खेत से पीले रंग के 2 पैकेट बरामद किए गए। बरामद सामग्री के पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारतीय क्षेत्र में गिराए जाने की आशंका है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक पैकेट में हेरोइन जैसा मादक पदार्थ पाया गया है। मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में बरामदगी मेमो तैयार किया गया। दोनों पैकेटों में कुल लगभग 6.582 किलोग्राम हेरोइन जैसी सामग्री बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 40 करोड़ रुपये आंकी गयी है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना आरएस पुरा के प्रभारी निरीक्षक रवि सिंह परिहार, बीपीपी बसपुरा के प्रभारी उपनिरीक्षक रणबीर ङ्क्षसह के सहयोग से, पुलिस अधीक्षक मुख्यालय जम्मू के पर्यवेक्षण में जांच कर रहे हैं। प्रवक्ता ने बताया कि बरामद खेप के स्रोत और गंतव्य का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है। मामले में पीछे और आगे के सभी कड़यिों की गहन पड़ताल की जा रही है और आगे और खुलासे होने की संभावना है। जम्मू पुलिस ने विशेषकर अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट रहने वाले नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ गतिविधियों की जानकारी साझा करें। जन सहयोग से नशामुक्त और अपराधमुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Comment List