बोलीविया में महंगाई के खिलाफ सियासी संग्राम चरम पर : 50 दिन के बवाल के बाद राष्ट्रपति ने लगाया आपातकाल, सड़कों पर उतरी सेना
भोजन, ईंधन और दवाओं जैसी जरूरी चीजों की भारी किल्लत
ला पाज (बोलीविया)। बोलीविया के राष्ट्रपति रोड्रिगो पाज ने शनिवार को देश भर में आपातकाल की घोषणा कर दी। राष्ट्रपति ने यह फैसला बढ़ती महंगाई और आर्थिक संकट के खिलाफ पिछले 50 दिनों से जारी देशव्यापी विरोध-प्रदर्शनों और सड़कों की नाकेबंदी के बाद लिया। वामपंथी पूर्व राष्ट्रपति इवो मोरालेस के समर्थकों, किसान और मजदूर संगठनों के नेतृत्व में हो रहे इन प्रदर्शनों में राष्ट्रपति पाज के इस्तीफे की मांग की जा रही है, क्योंकि लगातार जारी नाकेबंदी से देश में भोजन, ईंधन और दवाओं जैसी जरूरी चीजों की भारी किल्लत हो गयी है और अर्थव्यवस्था ठप पड़ गयी है।
देश के नाम अपने संबोधन में राष्ट्रपति पाज ने कहा कि संवाद के सारे रास्ते आजमाने और जायज मांगों पर सहमति बनने के बाद भी कुछ ङ्क्षहसक समूह देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए सड़कों को खाली कराने और व्यवस्था बहाल करने के लिए सेना और पुलिस को अधिकार देते हुए यह आपातकाल लागू किया गया है। पाज ने महज सात महीने पहले सत्ता संभाली थी और उन्हें विरासत में पिछले एक दशक का सबसे गंभीर आर्थिक संकट मिला, जिसके कारण बोलीविया में करीब दो दशक से चला आ रहा वामपंथी दल मूवमेंट टू सोशलिज्म (एमएएस) का शासन समाप्त हुआ था।
यह मौजूदा संकट मई में तब शुरू हुआ, जब राष्ट्रपति पाज ने बढ़ते बजटीय घाटे को कम करने के लिए ईंधन पर मिलने वाला पुराना अनुदान खत्म कर दिया। इसके बाद विदेशी मुद्रा भंडार खाली होने, प्राकृतिक गैस का निर्यात घटने और मुद्रास्फीति 40 साल के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने से ईंधन व डॉलर की भारी किल्लत हो गयी है।

Comment List