उत्तर प्रदेश में हिंसा को लेकर गरमायी सियासत : समाजवादी पार्टी के 2 विधायकों समेत 46 लोग नामजद, पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे अखिलेश यादव
प्रशासन की कार्रवाई से संतुष्टि जताते हुए मामले में राजनीति न करने की अपील
करंडा क्षेत्र में हुई हिंसा ने राजनीतिक रंग ले लिया है। सपा के 2 विधायकों समेत 46 नामजद और 200 अज्ञात पर केस दर्ज हुआ है। अखिलेश यादव 29 अप्रैल को पीड़ित परिवार से मिलेंगे। वहीं मृतका के पिता ने पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताते हुए मामले में राजनीति न करने की अपील की है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गाजीपुर के करंडा थाने के अंतर्गत कटरिया गांव में हुई हिंसा अब राजनीतिक रंग लेती जा रही है। स्थानीय प्रशासन द्वारा समाजवादी पार्टी के 2 विधायकों समेत 46 लोगों को नामजद किए जाने के बाद अब समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के दौरे को लेकर राजनीति गरमा गई है। अखिलेश यादव 29 अप्रैल को गाजीपुर जा रहे हैं। इस बीच मृतका के पिता ने प्रशासन की कार्रवाई से संतुष्टि जताते हुए इस मामले में राजनीति न करने की अपील की है। समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से जारी एक आधिकारिक पत्र के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 29 अप्रैल 2026 को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जनपद के दौरे पर जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के तहत वह दोपहर करीब एक बजे ग्राम करंडा (थाना करंडा) पहुंचेंगे और वहां पीड़ित सियाराम विश्वकर्मा के परिवार से मुलाकात करेंगे। पत्र में संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को इस दौरे की सूचना देते हुए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
इस बीच सियाराम शर्मा ने मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान पुलिस की कार्रवाई से संतुष्टि जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि हमने पुलिस को जो तहरीर दी थी, उसी के अनुसार कार्रवाई हुई है और आरोपी इस समय जेल में बंद है। उन्होंने कहा कि जिलाधियाकारी और कप्तान साहब की ओर से आश्वासन मिला है कि इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की तरफ से मदद का भी आश्वासन मिला है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र के कटारिया गांव में हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने समाजवादी पार्टी के दो विधायकों समेत 46 नामजद और करीब 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों पर बलवा, अवैध जमावड़ा, आपराधिक धमकी और लोकसेवक पर हमला करने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

Comment List