राबड़ी देवी ने लौटाई अपनी सरकारी सुरक्षा : विरोध में दिया प्रतिरोध, ढाल बनने के लिए आवास पर लगा कार्यकर्ताओं का तांता
बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री को किया जा रहा परेशान : रोहणी
पटना। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने शनिवार अपनी सरकारी सुरक्षा व्यवस्था वापस करने का निर्णय ले कर प्रदेश की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार के उस निर्णय का प्रतिरोध किया है, जिसके तहत लालू -राबड़ी परिवार के सदस्यों की सुरक्षा व्यवस्था में कटौती की गई थी। राबड़ी देवी ने यह प्रतिरोध बिहार सरकार के दो दिन पहले लिए गये उस निर्णय के विरोध में किया है, जिसके तहत उनकी और उनके पति पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद की जेड प्लस की सुरक्षा को वापस लेने का निर्णय लिया गया था और निचले लेवल की सुरक्षा प्रदान की गई थी। बिहार सरकार के निर्णय के अनुसार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, राबड़ी देवी के दूसरे पुत्र तेजप्रताप यादव और उनकी सांसद बेटी मीसा भारती की सुरक्षा में भी कटौती की गई थी।
राबड़ी देवी के इस निर्णय के बाद उनके आवास पर राजद कार्यकर्ताओं का तांता लगा हुआ है। इस संबंध में उनकी पुत्री रोहणी आचार्य ने एक्स पर लिखा था और कार्यकर्ताओं से अपील की थी कि वह राबड़ी आवास पर पहुँच कर पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा ढाल के रूप में कार्य करें। उन्होंने कहा कि समूचा बिहार देख रहा है कि किस तरह बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री और उनके परिवार को परेशान किया जा रहा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इस बदले की भावना से की गई कर्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देगी।

Comment List