राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर हमला, बोले-छात्रों पर लाठीचार्ज बंद करो, शिक्षा मंत्री दें इस्तीफा
छात्रों भविष्य के साथ खुली लूट
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई तथा लगातार हो रहे पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए बुधवार को कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग पूरी तरह अनुचित है और इस मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। राहुल गांधी ने आज यहां इंदिरा भवन स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि सवाल यह है कि जब छात्र शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे तो उनके खिलाफ लाठीचार्ज और बल प्रयोग क्यों किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा बलों ने छात्रों के साथ बर्बरता की, उन्हें पीटा गया और आज छात्रों के बीच भय और तनाव का माहौल है। उन्होंने कहा कि छात्र केवल शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में 152 बार विभिन्न परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं, जिससे 7.5 करोड़ छात्रों और उनके परिवारों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि लगातार पेपर लीक होने के बावजूद किसी भी दोषी को सजा नहीं मिली है और इससे देश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह कमजोर हो गयी है। उन्होंने कहा कि यह छात्रों के भविष्य के साथ "चोरी" है। कांग्रेस नेता ने कहा कि छात्रों की यह मांग पूरी तरह जायज है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। शिक्षा मंत्री ने शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है और उन्हें अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए पद छोड़ देना चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस छात्रों के बेहतर भविष्य के लिए उनके साथ खड़ी है। प्रधानमंत्री आवास के बाहर विपक्ष के प्रदर्शन पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "अगर छात्र सड़क पर हैं तो विपक्ष को भी सड़क पर होना चाहिए।" उल्लेखनीय है कि पेपर लीक और छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में राहुल गांधी मंगलवार को कांग्रेस सांसदों के साथ प्रधानमंत्री आवास के निकट धरने पर बैठे थे। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें और कई सांसदों को हिरासत में लिया था।

Comment List