राहुल गांधी का भाजपा पर निशाना : दिल्ली से तमिलनाडु पर शासन करना चाहती है भाजपा, बोले- तमिलनाडु में चाहते है ऐसा मुख्यमंत्री, जो केंन्द्र के आदेशों पर चले
अन्नाद्रमुक की तमिल परंपराओं की रक्षा करने की अपनी एक महान विरासत थी
गांधी ने भाजपा पर तमिलनाडु पर “दिल्ली से नियंत्रण” की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, भाजपा ऐसा मुख्यमंत्री चाहती है जो केंद्र के आदेश माने। अन्नाद्रमुक को “भाजपा-आरएसएस का मुखौटा” बताते हुए उन्होंने इसे खोखला बताया। गांधी ने भाजपा पर तमिल भाषा-संस्कृति विरोधी होने और राज्यों के अधिकार कमजोर करने का भी आरोप लगाया।
चेन्नई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को भाजपा पर जमकर निशाना साधा और कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली से तमिलनाडु पर शासन करने की कोशिश कर रही है। तिरुवल्लूर जिले के पोनेरी में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि तमिलनाडु में वह एक ऐसा मुख्यमंत्री चाहते हैं, जो उनके आगे नतमस्तक रहे। भाजपा तमिलनाडु में एक ऐसा साझेदार चाहती है, जो राज्य की सत्ता की चाबी दिल्ली को सौंप दे। उन्होंने कहा, वे एक ऐसा मुख्यमंत्री चाहते हैं, जो केंन्द्र सरकार के आदेशों पर चले।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य के प्रमुख विपक्षी दल अन्नाद्रमुक की वर्तमान स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह पार्टी अब भाजपा और आरएसएस की पूरी तरह से गुलाम बन चुकी है। उन्होंने कहा, भाजपा ने अन्नाद्रमुक को नष्ट कर दिया है। अब वहां केवल एक खोखला खोल बचा है, जिस अन्नाद्रमुक की तमिल परंपराओं की रक्षा करने की अपनी एक महान विरासत थी, वह बहुत पहले खत्म हो चुकी है। नयी अन्नाद्रमुक केवल एक मुखौटा है, जिसके पीछे भाजपा का असली चेहरा छिपा है। उन्होंने जनता को आगाह किया कि अन्नाद्रमुक के नेता भ्रष्टाचार के कारण केन्द्र सरकार के नियंत्रण में हैं।
चुनावी लड़ाई को दबाव बनाम सहमति की वैचारिक लड़ाई बताते हुए गांधी ने भाजपा-आरएसएस को तमिल भाषा और संस्कृति का विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार का एक राष्ट्र, एक नेता और एक भाषा का नारा सीधे तौर पर संविधान पर हमला है। उन्होंने कहा, वे नहीं समझते कि तमिल लोगों के लिए उनकी भाषा क्या मायने रखती है। भाजपा-आरएसएस तमिल विरोधी हैं और वे पेरियार के सामाजिक न्याय के आदर्शों को मिटाना चाहते हैं।
लोकसभा में परिसीमन विधेयक मामले का उल्लेख करते हुए गांधी ने कहा कि इंडिया गठबंधन ने तमिलनाडु के गौरव की रक्षा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण विधेयक की आड़ में तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व को कम करने और छोटे राज्यों को कमजोर करने की साजिश रची गई थी, जिसे विपक्ष ने विफल कर दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत राज्यों का एक संघ है, जहां हर राज्य को अपनी भाषा और संस्कृति की रक्षा करने का पूरा अधिकार है, इसलिए इस चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगियों की हार सुनिश्चित करना अनिवार्य है।

Comment List