जंतर-मंतर विवाद में पीएम मोदी को गाली देने वाली नाबालिग को राहत: दिल्ली पुलिस ने नहीं दर्ज किया केस, माफी और उम्र के आधार पर लिया फैसला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके है माफ
नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने नाबालिग लड़की के विरुद्ध कोई मामला दर्ज नहीं करने का निर्णय लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और लड़की की उम्र को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया। इससे पहले नोएडा पुलिस ने शिकायत मिलने पर जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला दिल्ली पुलिस को भेजा था, जिसमें युवती की उम्र 25 वर्ष दर्ज थी।
इसके बाद लड़की ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर स्पष्ट किया कि वह केवल 15 वर्ष की है और दूसरों के बहकावे में आकर उसने ऐसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। उसने देशवासियों और प्रधानमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रदर्शन में शामिल बच्चों को क्षमा करने की बात कही थी। बाद में लड़की की मां ने भी प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए बेटी के खिलाफ दर्ज एफआईआर निरस्त कराने की अपील की थी।

Comment List