चंडीगढ़ में धधका कबाड़ी मार्केट : भीषण आग की चपेट में 30 से अधिक दुकानें, प्लास्टिक और स्पेयर पार्ट्स के कारण लिया विकराल रूप
पुलिस ने मार्केट के दोनों ओर से सड़क बंद कर दी
चंडीगढ़। केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के डड्डूमाजरा रोड स्थित तोगा रोड की कबाड़ी मार्केट में शुक्रवार को भीषण आग लग गयी, जो तेजी से फैलते हुए 30 से अधिक दुकानों तक पहुंच गयी। मार्केट में बड़ी संख्या में पुरानी गाड़ियां, इंजन, टायर, प्लास्टिक और अन्य स्पेयर पार्ट्स रखे होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
एहतियात के तौर पर पुलिस ने मार्केट के दोनों ओर से सड़क बंद कर दी और पूरे इलाके को खाली करा दिया, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में कोई बाधा न आये। फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि कई दुकानों में रखा सामान, पुरानी गाड़ियां और स्पेयर पार्ट्स जलकर राख हो गये। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

Comment List