मिस्र में ट्रेनों की टक्कर के बाद चीख-पुकार : 7 लोगों की मौत, पलटे डिब्बों में फंसे यात्रियों की तलाश
एक ट्रेन खड़ी थी, दूसरी ने पीछे से मारी टक्कर
काहिरा। मिस्र के गीजा शहर के पास रविवार को एक ट्रेन हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई है और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार देश के रेलवे प्राधिकरण ने बताया कि गीजा और काहिरा से दक्षिण की ओर जा रही दो ट्रेनें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई डिब्बे पटरी से उतर गए और एक ढलान से नीचे गिर गए। घटनास्थल की तस्वीरों में देखा जा सकता है कि लोग पलटे हुए डिब्बों के अंदर घायल यात्रियों को ढूँढ़ रहे हैं। मौके पर बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया है।
सरकार ने बताया कि इलाके के अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, क्योंकि वहाँ बड़ी संख्या में घायल लोग पहुँच रहे हैं। मिस्र के रेड क्रिसेंट (रेड क्रॉस जैसा संगठन) ने बताया कि वे घटनास्थल पर पीड़तिों और उनके परिवारों को मदद और मानसिक सहारा (काउंसलिंग) दे रहे हैं। मंत्रालय ने पुष्टि की है कि हादसे में जान गंवाने वालों में एक ट्रेन का चालक भी शामिल है। हादसे का शिकार हुई पहली ट्रेन गीजा से फय़ूम (काहिरा के दक्षिण में) जा रही थी। रास्ते में यह ट्रेन काहिरा से असवान की ओर जा रही एक दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई, जो उस समय पटरी पर खड़ी थी।
घटनास्थल की तस्वीरों में कुछ डिब्बे पलटे हुए दिखाई दिए, जिनमें से कम से कम एक डिब्बा दो हिस्सों में टूटा हुआ लग रहा था। गिजा और अपर मिस्र क्षेत्र के बीच ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया है और क्षतिग्रस्त ट्रेनों को हटाने के लिए क्रेनें भेजी गई हैं। रेलवे प्रशासन ने यह नहीं बताया है कि इस काम में कितना समय लगेगा।

Comment List