इथियोपिया में ईसाइयों पर सिलसिलेवार हमले, पांच बच्चों समेत 60 से अधिक लोगों की मौत
दहशत के साए में इलाका छोड़ भागे सैकड़ों ग्रामीण
अदीस अबाबा। इथियोपिया के ओरोमिया क्षेत्र में ईसाइयों को निशाना बनाकर किए गए सिलसिलेवार हमलों में पांच बच्चे समेत 60 से अधिक लोगों की हत्या कर दी गई है। देश के ऑर्थोडॉक्स चर्च ने यह जानकारी दी है। हमले में अपने 75 वर्षीय पिता को खोने वाले एक स्थानीय निवासी ने इसे घात लगाकर किया गया हमला बताया। उसने कहा, हम पूरी तरह से बेखबर थे और हमें पहले से कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने हमें चारों तरफ से घेर लिया।
क्षेत्रीय सरकार ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। स्थानीय अधिकारी ने इन हमलों के लिए ओरोमो लिबरेशन आर्मी (ओएलए) को मिलाकर बने नए विद्रोही गठबंधन 'अलायंस फॉर सर्वाइवल' को जिम्मेदार ठहराया। ओएलए ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन वह पहले ऐसे हमलों से इनकार करता रहा है। इथियोपियाई ऑर्थोडॉक्स टेवाहेडो चर्च के होली सिनॉड के एक बयान के अनुसार, हमलों में 20 घरों को पूरी तरह जलाकर राख कर दिया है। बयान में हालांकि किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जान गंवाने वालों में पांच बच्चे शामिल हैं। एक चर्च अधिकारी ने शिरका जिले के तीन इलाकों में हुए हमलों को 'नरसंहार' करार दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे थे, लेकिन वे इस हमले को रोकने में नाकाम रहे। इलाके से अब कई निवासी भाग गए हैं। गैर-सरकारी संगठन इथियोपियाई मानवाधिकार परिषद की जुलाई 2026 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले चार वर्षों में इस इलाके में हुए हमलों में 458 लोग मारे गए हैं।
यह उस अवधि के सबसे भीषण हमलों में से एक है। सरकार पहले भी इन हमलों के लिए ओएलए को जिम्मेदार ठहराती रही है। प्रधानमंत्री अबी अहमद का कहना है कि आम नागरिकों और धार्मिक संस्थानों को निशाना बनाकर की जाने वाली हिंसा देश को अस्थिर करने की साजिश का हिस्सा है।ओरोमो लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने का दावा करने वाला यह समूह इन आरोपों को खारिज करता है।
पहले की रिपोर्टों में भी इलाके में मुसलमानों पर हुए हमलों का जिक्र रहा है।

Comment List