सवालों के घेरे में पुल की मजबूती! 10 साल में अचानक ढहने से 2 ट्रक हवा में लटके; एक में लगी आग
चलते ट्रकों के नीचे से खिसका पुल
पटियाला। पटियाला-संगरूर बाईपास मार्ग पर पसियाना गांव के पास गुरुवार तड़के भाखड़ा नहर पर बना लोहे का पुल अचानक ढह गया। हादसे के समय पुल से गुजर रहे 2 ट्रक भी इसके साथ नीचे धंस गए और नहर के ऊपर लटक गए। इनमें से एक ट्रक में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने ट्रक में लगी आग पर काबू पा लिया। पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर यातायात रोक दिया गया है।
हादसे के समय दोनों ट्रकों में कितने लोग सवार थे और उनकी स्थिति क्या है, इस बारे में फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बचाव दल राहत कार्य में जुटे हुए हैं। पटियाला-संगरूर राष्ट्रीय राजमार्ग और इस पुल का निर्माण वर्ष 2016 में हुआ था। करीब दस साल पुराने पुल के अचानक ढहने से इसके निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हादसे के कारणों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Comment List