ट्रम्प ने ईरान के ऊर्जा संयंत्र पर हमले को 10 दिनों के लिए किया स्थगित : ईरानी सरकार के अनुरोध पर किया फैसला, ईरान ने मिसाइल पर लिखा ‘थैंक्यू इंडिया’
ईरान ने भी किया इजरायल के रणनीतिक ठिकानों पर हमला
ट्रम्प ने ईरान के अनुरोध पर ऊर्जा संयंत्रों पर हमले 10 दिन टाले, बातचीत जारी। इसी बीच ईरान ने इजराइल पर ‘थैंक्यू इंडिया’ लिखी मिसाइलें दागीं। दोनों पक्षों के बीच भीषण हमले जारी हैं। इजराइल ने ईरानी ठिकाने निशाना बनाए, तो ईरान ने हाइफा पर ड्रोन हमले किए।
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को कहा कि ईरानी सरकार के अनुरोध पर उन्होंने ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर हमले की प्रक्रिया को 10 दिनों के लिए रोक दिया है। ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा, ईरानी सरकार के अनुरोध पर, मैं ऊर्जा संयंत्रों पर हमले की अवधि को 10 दिनों के लिए रोक रहा हूं। बातचीत जारी है और फर्जी मीडिया और अन्य लोगों द्वारा इसके विपरीत दिए गए गलत बयानों के बावजूद, यह बहुत अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है। हालांकि ईरान लगातार इस बात से इनकार करता रहा है कि अमेरिका के साथ कोई बातचीत चल रही है।
ईरान ने मिसाइल पर लिखा ‘थैंक्यू इंडिया’
ईरान ने इजराइल पर मिसाइल हमला किया। इस बार मिसाइलों पर थैंक्यू इंडिया लिखकर भेजा गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दिखा कि ईरानी सैनिक मिसाइलों पर थैंक्यू पीपल ऑल इंडिया लिख रहे हैं। इसी तरह स्पेन, पाकिस्तान और जर्मनी के लिए भी संदेश लिखे गए। ईरान ने कहा कि यह कदम उन देशों के प्रति आभार जताने के लिए है जिन्होंने उसका समर्थन किया। हमलों में इजराइल के ठिकानों के साथ खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया गया।
ईरान ने भी किया इजरायल के रणनीतिक ठिकानों पर हमला
ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के 28वें दिन शुक्रवार को तेहरान, इस्फहान और आसपास के क्षेत्रों में कई हवाई हमले किए गए, जिससे शहर के विभिन्न हिस्सों में विस्फोटों की आवाजें सुनी गई। इजरायल रक्षा बल ने कहा कि उसने ईरान के सैन्य ढांचे को निशाना बनाते हुए समन्वित हमलों की एक श्रृंखला शुरू की। इजराइली सेना के अनुसार, हवाई हमलों में तेहरान के हथियार निर्माण केंद्रों और पश्चिमी ईरान में मिसाइल भंडारण स्थलों को निशाना बनाया गया। उसकी वायु सेना ने मध्य ईरान के यज्द में स्थित मिसाइल और समुद्री बारूदी सुरंगों के उत्पादन की प्रमुख सुविधा पर भी हमला किया। सेना का दावा है कि यह केंद्र ईरानी नौसेना के मिसाइल और समुद्री माइंस कार्यक्रम का अहम हिस्सा है। उधर ईरान की सेना ने हाइफा में र्इंधन और नौसैनिक सुविधाओं सहित रणनीतिक इजरायली ठिकानों पर ड्रोन से नए हमले किए हैं।

Comment List