गुरुग्राम में 19वीं मंजिल से गिरे 2 मजदूर : एक बीच में अटका, दूसरे की मौत
पुलिस ने मौके पर पहुंच की समझाइश
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम सेक्टर-113 स्थित एमएम स्मार्टवर्ल्ड के निर्माणाधीन परियोजना में 19वीं मंजिल से गिरने के कारण एक मजदूर की मौत हो गई जबकि दूसरा मजदूर बीच के फ्लोर पर अटकने से घायल हो गया। मृतक की पहचान 19 वर्षीय दिलखुश निवासी कटिहार, बिहार के रूप में हुई है। घायल मजदूर वासुदेव पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। हादसे के बाद शनिवार को निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों में आक्रोश फैल गया। श्रमिकों ने साइट पर सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कंपनी प्रबंधन के अधिकारियों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। कुछ अधिकारियों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। इससे साइट पर काफी देर तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पुलिस ने मौके पर पहुंच की समझाइश
सूचना मिलने पर बजघेड़ा थाना प्रभारी सुनील पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित श्रमिकों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे को दुर्घटना मानकर जांच कर रही है। हादसे के समय साइट पर सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और उनकी पालना हुई या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

Comment List