हिमाचल में खाई में गिरा अनियंत्रित वाहन : पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया बचाव अभियान, 3 लोगों की मौत
दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह क्षेत्र में बुधवार शाम देवीकोठी-टेपा मार्ग पर एसयूवी 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे तीन युवकों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों को चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू की है।
शिमला। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह क्षेत्र में बुधवार शाम एक वाहन के अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में गिर जाने से 3 युवकों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान राजेंद्र कुमार (चालक), पम्मी कुमार और सचिन के रूप में हुई है। दो घायलों अमर सिंह और धर्म सिंह को तीसा के सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में उन्हें चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
यह दुर्घटना शाम करीब 6 बजे देवीकोठी-टेपा मार्ग पर हुई। उनकी एसयूवी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और स्थानीय निवासियों ने बचाव अभियान चलाया। शवों का पोस्टमार्टम तीसा अस्पताल में किया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Comment List