उत्तराखंड: ABVP नेता सहित चार लोगों पर नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज, पुलिस जांच शुरू
सुबह टहलने निकली किशोरी को बहलाकर ले गए थे होमस्टे
देहरादून। उत्तराखंड के हल्द्वानी में 16 वर्षीय लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के एक नेता और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया गया है। चारों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान धीरज बिष्ट, हिमांशु गोनी, अंश खत्री और नितिन पाल के रूप में हुई है। धीरज ने हाल ही में हल्द्वानी में छात्रसंघ चुनाव लड़ा था। आरोप है कि 12 नवंबर को सुबह करीब चार बजे टहलने निकली लड़की को अंश खत्री और अंश पाल बहलाकर एक होमस्टे में ले गए, जहां उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया।
इस बीच, लड़की के परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और जीपीएस की मदद से होमस्टे तक पहुंचे। आरोपी वहां से फरार हो गए। बाद में पीड़िता और उसके परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत टीसी ने कहा कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ पॉक्सो अधिनियम तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Comment List