नोएडा में हिंसक प्रदर्शन : 150 गाड़ियां तोड़ीं, 50 गाड़ियां फूंकीं, पुलिस पर भी जमकर पथराव
पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े
नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर फैक्ट्री कर्मचारियों का प्रदर्शन हिंसक। हजारों कर्मचारियों ने 50 से अधिक फैक्ट्रियों और 150 गाड़ियों में तोड़फोड़, 50 में आगजनी की। सेक्टर 62 में हालात बिगड़े, पुलिस पर पथराव। गुरुग्राम से शुरू आंदोलन फैल गया।
नोएडा। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर नोएडा में पिछले कई दिनों से चल रहा फैक्ट्री कर्मचारियों का प्रदर्शन अब हिंसक रूप ले चुका है। वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे हजारों प्राइवेट कर्मचारी सोमवार को उग्र हो गए और कई जगहों पर तोड़फोड़, आगजनी और पथराव किया। प्रदर्शनकारियों ने 50 से ज्यादा फैक्ट्रियों में तोड़फोड़ की। उन्होंने 150 से अधिक गाड़ियों में तोड़फोड़ की और 50 गाड़ियों में आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की भी कई गाड़ियों को पलट दिया।
गुरुग्राम से शुरू हुआ प्रदर्शन, नोएडा तक फैला :
प्रदर्शन की शुरुआत गुरुग्राम से हुई थी, जो धीरे-धीरे नोएडा की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों तक फैल गई। सोमवार को हालात तब बिगड़ गए जब कुछ प्रदर्शनकारी समूहों ने फैक्ट्रियों के बाहर खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
नोएडा सेक्टर 62 में हालात खराब :
नोएडा सेक्टर 62 स्थित मदरसन ग्रुप की फैक्ट्री के बाहर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने जमकर हंगामा किया। गाड़ियों के शीशे तोड़े गए, कई वाहनों में आग लगा दी गई और पुलिस पर पथराव भी किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
कई दिनों से चल रहा था प्रदर्शन :
जानकारी के मुताबिक, हजारों की संख्या में कर्मचारी पिछले कई दिनों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन आज स्थिति अचानक बेकाबू हो गई। कई औद्योगिक क्षेत्रों में कंपनियों के बाहर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं।
इतनी सी सैलरी में कैसे घर चलाएं :
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि इस बार उनकी वेतन बढ़ोतरी मात्र ढाई सौ से तीन सौ रुपए की गई है, जो महंगाई के मुकाबले बेहद कम है। इतनी सी सैलरी में कैसे घर चलाएं। उनकी मांग है कि न्यूनतम वेतन अठारह-बीस हजार रुपए प्रति माह तय किया जाए। मजदूरों का आरोप है कि वर्तमान में नोएडा की फैक्ट्रियों में औसत वेतन 10-15 हजार रुपए के बीच है, जो जीवन यापन के लिए पर्याप्त नहीं है। वहीं, एनसीआर क्षेत्र में निर्माण कार्य से जुड़े मजदूरों को लगभग 700 रुपए प्रतिदिन मिलते हैं, जो महीने में करीब 21 हजार रुपए के बराबर होता है।
अलर्ट मोड पर प्रशासन :
घटनाओं के बाद पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन अब मजदूरों और कंपनी प्रबंधन के बीच बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश कर रहा है।

Comment List